वाराणसी , मार्च 3 -- धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी काशी में इन दिनों गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु माँ गंगा के पावन तट पर स्नान एवं पूजन-अर्चना कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मीर घाट पर एक हादसा टल गया। भदोही जिले का निवासी 18 वर्षीय युवक गंगा में स्नान कर रहा था, तभी वह असंतुलित होकर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना के समय मीर घाट पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के सतर्क जवानों ने युवक को डूबते देखा और बिना एक पल गँवाए गहरे पानी में छलांग लगा दी। उन्होंने युवक को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला और घाट पर लाकर उसकी प्राथमिक सहायता की। युवक की हालत सामान्य होने के बाद उसे सुरक्षित छोड़ा गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), वाराणसी टीम उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में गंगा घाटों पर 24 घंटे उच्च सतर्कता के साथ तैनात है। बल के प्रशिक्षित एवं समर्पित बचावकर्मी किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं पेशेवर प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक जीवन की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
एनडीआरएफ के इस त्वरित, साहसिक एवं दक्षतापूर्ण बचाव अभियान को मीर घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष देखा और बचाव दल की जमकर सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित