पटना , अक्टूबर 01 -- नटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय, पटना में कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को हृदय संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करने तथा समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'हृदय स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं कार्डिएक स्क्रीनिंग शिविर' का आयोजन किया गया।शिविर में पटना स्थित पारस अस्पताल के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जावेद अनवर ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में हृदय स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कोरोनरी आर्टरी डिजीज के जोखिम, हार्ट अटैक के शुरुआती चेतावनी संकेत, संतुलित एवं हृदय के लिए लाभकारी आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली तथा तनाव प्रबंधन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व पर भी विशेष जोर दिया।
शिविर के दौरान जागरूकता सत्र के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य जांच की नि:शुल्क सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। प्रतिभागी अधिकारियों का वजन, ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी तथा ईकोकार्डियोग्राफी जैसी जांचें की गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विशेषज्ञ चिकित्सक, डॉ. अनवर द्वारा 43 कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में एनटीपीसी कर्मचारियों के साथ पीआरएमएस लाभार्थियों, उनके आश्रितों एवं सहयोगियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समन्वय क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी (पूर्वी क्षेत्र-1) श्री पार्थ प्रतिम सामंता द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रचालन सेवाएँ) श्रीकांत केरहालकर, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम , उप-महाप्रबंधक ( नैगम संचार) विश्वनाथ चंदन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित