नयी दिल्ली , जुलाई 13 -- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नीट(यूजी)-2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक की स्कैन कॉपी और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी कर दिये हैं।
एनटीए ने सोमवार को सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपनी ओएमआर शीट और रिकॉर्डेड उत्तर देख सकते हैं तथा यदि किसी उत्तर पर आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन चुनौती दर्ज करा सकते हैं।
एजेंसी ने कहा कि रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू हो गयी है और 15 जुलाईको सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये का गैर-वापसी योग्य शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है। निर्धारित समय तक शुल्क जमा नहीं होने पर चुनौती स्वीकार नहीं की जायेगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले ही समाप्त हो चुकी है। अब केवल रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स से संबंधित आपत्तियां ही स्वीकार की जायेंगी। किसी भी प्रकार की चुनौती ई-मेल या अन्य माध्यम से स्वीकार नहीं की जायेगी।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने क्रेडेंशियल्स से लॉगिन करने की अपील की है। सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन प्रणाली लागू की गयी है, जिसके तहत लॉगिन से पहले पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भेजे गए ओटीपी का सत्यापन अनिवार्य होगा।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें। किसी भी स्पष्टीकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000, 011-69227700 या ई-मेल नीटयूजी2026एटदरेटएनटीए.एसी.इन पर संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि नीट (यूजी)-2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित