हैदराबाद , मई 28 -- आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, दिग्गज अभिनेता और महान राजनेता 'एनटीआर' (नंदमुरी तारक रामा राव) को उनकी 103वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। भारतीय सिनेमा और तेलुगु राजनीति में उनका अद्वितीय योगदान देश के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।

एनटीआर तेलगू देशम पार्टी (तदेपा) के संस्थापक रहे। उनके प्रशंसकों, पार्टी नेताओं, फिल्म जगत की हस्तियों और प्रशंसकों ने हैदराबाद के एनटीआर गार्डन और एनटीआर घाट पर बड़ी संख्या में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अभिनेता जूनियर एनटीआर ने सुबह-सुबह टैंक बंड के पास स्थित एनटीआर गार्डन जाकर एनटीआर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके आगमन से प्रशंसकों में उत्साह का माहौल बन गया और पूरा इलाका "जय एनटीआर" के नारों से गूंज उठा।

प्रमुख हस्तियों में दग्गुबाती वेंकटेश्वर राव, भारतीय जनता पार्टी नेता पुरंदेश्वरी, पूर्व मंत्री मोटकुपल्ली नरसिम्हुलु और वाईएसआरसीपी नेता लक्ष्मी पार्वती ने तेदेपा नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और फिल्मी हस्तियों के साथ एनटीआर घाट पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा नेता पुरंदेश्वरी ने एनटीआर को तेलुगु आत्मसम्मान का प्रतीक बताया और कहा कि उनकी विरासत अमर रहेगी। मोत्कुपल्ली नरसिम्हुलु एनटीआर द्वारा गरीबों और वंचित समुदायों के लिए किए गए समर्थन को याद करते हुए भावुक हो गए और कहा कि उनका नाम हमेशा अमर रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित