ग्वालियर , अप्रैल 9 -- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के 56वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्वालियर में "रन फॉर ड्रग फ्री मध्यप्रदेश" हाफ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत एमएलबी कॉलेज गेट पर झंडावंदन के साथ हुई। इसके बाद एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मैराथन एमएलबी कॉलेज गेट से प्रारंभ होकर मोती तबेला स्थित गुरुद्वारा तक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, छात्र और आम नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है और इसके खिलाफ समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

प्रतियोगिता में बॉयज वर्ग में दिव्यांश तोमर प्रथम, पुकेश्वर लाल द्वितीय और शुभम कुमार तृतीय रहे, जबकि गर्ल्स वर्ग में संध्या राजपूत प्रथम, मनीषा द्वितीय और खुशी सरोज तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न कांग्रेस पदाधिकारियों और एनएसयूआई नेताओं ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित