रायपुर , जुलाई 07 -- कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे, जिसमें पहले चरण में कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर कैंपस अध्यक्ष का निर्वाचन कराया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों का चयन होगा।

मंगलवार को जारी चुनावी प्रक्रिया के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी, निजी एवं अन्य मान्यता प्राप्त कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राएं पहले चरण में केवल कैंपस अध्यक्ष के लिए मतदान करेंगे। इसी चुनाव के परिणाम के आधार पर संबंधित संस्थान की 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की जाएगी। कार्यकारिणी के विभिन्न पद संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत भरे जाएंगे।

दूसरे चरण के चुनाव में केवल वही उम्मीदवार भाग ले सकेंगे, जो अपने-अपने कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में कैंपस अध्यक्ष निर्वाचित होंगे। जिला और प्रदेश स्तर के चुनाव में मतदान का अधिकार भी केवल निर्वाचित कैंपस अध्यक्षों को ही रहेगा। संगठन का उद्देश्य नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को कैंपस स्तर से आगे बढ़ाना है।

एनएसयूआई ने स्पष्ट किया है कि यूथ कांग्रेस की तरह कैंपस के बाहर सदस्यता अभियान नहीं चलाया जाएगा। सदस्यता केवल मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से ही दी जाएगी। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार की आयु 16 से 27 वर्ष के बीच होना अनिवार्य होगी। सदस्यता शुल्क तीन वर्ष के लिए 45 रुपए निर्धारित किया गया है।

संगठन के अनुसार चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचित प्रतिनिधियों की जांच (दस्तावेजों और पात्रता की जांच) की जाएगी। इसी प्रक्रिया के आधार पर जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों का अंतिम चयन किया जाएगा, ताकि योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी जा सके।

एनएसयूआई का कहना है कि नई चुनाव प्रणाली का उद्देश्य छात्र राजनीति को पुनः कैंपस केंद्रित बनाना है। संगठन का मानना है कि कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर से उभरने वाले छात्र नेताओं को संगठनात्मक प्रशिक्षण, वैचारिक मार्गदर्शन और नेतृत्व विकास का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारियां संभाल सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित