रायपुर , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर पुरानी बस्ती निवासी राजू सोनकर ने 29 लाख रुपए से अधिक की ठगी का आरोप लगाया है।
राजू सोनकर का आरोप है कि अलग-अलग काम दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली गई लेकिन बताए गए काम पूरे नहीं किए गए और रकम भी वापस नहीं की गई। मामले में श्री पांडेय ने आरोपों को गलत बताया है।
राजू सोनकर ने मामले की शिकायत थाने के अलावा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला से की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिप्ला कंपनी की एजेंसी/डीलरशिप, डीकेएस अस्पताल में नौकरी, कैंटीन का ठेका और रेत खदान दिलाने जैसे अलग-अलग कामों का भरोसा देकर रकम ली गई। राजू सोनकर का दावा है कि उसकी पत्नी को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भी भरोसा दिया गया था।
राजू सोनकर ने अपनी शिकायत में श्री पांडेय के साथ उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय का नाम भी शामिल किया है। उसने पुलिस को दिए आवेदन में अलग-अलग भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का भी जिक्र किया है।
राजू सोनकर का कहना है कि रकम देने के बावजूद बताए गए काम पूरे नहीं हुए। इसके बाद उसने संबंधित लोगों से पैसे वापस मांगे लेकिन रकम वापस नहीं मिली। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। उसने आवेदन में कहा है कि अगर उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए श्री पांडेय, उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय जिम्मेदार होंगे।
दूसरी ओर, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष श्री पांडेय ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फिलहाल मामला शिकायत और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित