नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने दिल्ली पुलिस पर अपने दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाने का आरोप लगाया है।

एनएसयूआई कार्यकर्ता पिछले 17 दिनों से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे हैं। एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों पर ध्यान देने और उनकी आवाज सुनने के बजाय दिल्ली पुलिस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गेट नंबर-4 से संगठन के कार्यकर्ता फैजान और जीशान को हिरासत में ले लिया। संगठन का दावा है कि हिरासत में लेने के बाद दोनों को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एनएसयूआई ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग करना कोई अपराध नहीं है। संगठन ने आरोप लगाया कि छात्रों को हिरासत में लेकर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

एनएसयूआई ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने और छात्र अधिकारों की रक्षा के लिए उसका आंदोलन जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित