भोपाल , मई 11 -- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने आज भोपाल में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने और गौ माता को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग को लेकर विशाल मशाल जुलूस निकाला।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने छात्र अधिकारों और गौ संरक्षण के समर्थन में नारेबाजी की।

मशाल जुलूस में पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक आतिफ अकील, पूर्व विधायक पीसी शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी तथा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल मंडलोई सहित कई नेता शामिल हुए।

इस अवसर पर जयवर्धन सिंह ने कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और लंबे समय से चुनाव नहीं होने से युवाओं की नेतृत्व क्षमता प्रभावित हो रही है।

विधायक आतिफ अकील ने गौवंश संरक्षण के मुद्दे को गंभीर बताते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं विवेक त्रिपाठी ने कहा कि गौवंश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उनके संरक्षण के लिए प्रभावी नीति बनाए जाने की आवश्यकता है।

एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने आरोप लगाया कि छात्र राजनीति को दबाने के उद्देश्य से छात्र संघ चुनाव बंद किए गए हैं। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में जल्द छात्र संघ चुनाव कराए जाएं।

एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि संगठन छात्रों और जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगा। मशाल जुलूस में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर और सैयद अल्तमस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जुलूस के दौरान न्यू मार्केट क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित