दीमापुर , जून 18 -- नागा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) और सेंट्रल नागालैंड ट्राइब्स काउंसिल (सीएनटीसी) ने राज्य के स्कूलों में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने का विरोध किया है। इस बार योग दिवस 21 जून को रविवार के दिन है।

एनएसएफ ने गुरुवार को एक बयान में स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशालय द्वारा जारी उस परिपत्र का कड़ा विरोध किया, जिसमें राज्य भर के शैक्षणिक संस्थानों को रविवार के दिन 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का निर्देश दिया गया है।

फेडरेशन ने रविवार को इस दिवस को मनाने के निर्देश को नागा लोगों की धार्मिक भावनाओं और आध्यात्मिक मान्यताओं की घोर अनदेखी माना है। इस निर्देश को "अनुचित" बताते हुए फेडरेशन ने विभाग और नागालैंड सरकार से इस अधिसूचना को तुरंत वापस लेने तथा शैक्षणिक संस्थानों और नागा लोगों पर ऐसे कार्यक्रमों को थोपने से बचने का आग्रह किया।

उसने आधिकारिक निर्देशों की आड़ में इस आदेश का पालन कराने या इसके लिए मजबूर करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ विभाग को आगाह किया। उसने यह चेतावनी भी दी कि इस प्रकार कार्यक्रम थोपे जाने को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा और इससे उत्पन्न होने वाले किसी भी अप्रिय परिणाम के लिए संबंधित अधिकारी ही पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित