नयी दिल्ली , अप्रैल 13 -- नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसईआईएल) को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय से 'नेशनल कोल एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड' नाम के आरक्षण के लिए मंजूरी मिलगयी है।
एनएसई ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह मंजूरी सिर्फ नाम के आरक्षण तक सीमित है और परिचालन या नियामक लाइसेंस नहीं है।
उल्लेखनीय है कि देश के प्रमुख शेयर बाजार एनएसई का संचालन करने वाली कंपनी एनएसईआईएल के निदेशक मंडल ने इस साल फरवरी में एक पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्थापित करने की मंजूरी प्रदान की थी। प्रस्तावित नामों में 'नेशनल कोल एक्सचेंज', 'भारत कोल एक्सचेंज' और 'इंडिया कोल एक्सचेंज' शामिल थे।
एनएसईआईएल ने इस उद्यम में 100 करोड़ रुपये तक शुरुआती पूंजी निवेश की प्रतिबद्धता जतायी है। इसमें उसकी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि शेष 40 प्रतिशत अन्य शेयरधारकों को दी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित