नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- आयुष मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (एनएमपीबी) देश में औषधीय वनस्पतियों के क्षेत्र से संबंधित प्रमुख नीति, अनुसंधान और कार्यान्वयन संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए बुधवार को औषधीय पादपों पर चिंतन शिविर का आयोजन करेगा।
इस शिविर का उद्घाटन आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा विशिष्ट अतिथि होंगे। आयुष मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार होवेदा अब्बास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
चिंतन शिविर के बाद बोर्ड की बैठक होगी। इसके साथ ही तकनीकी सत्र और पैनल चर्चाएं भी होंगी जिनमें विशेषज्ञ, नीति निर्माता, शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य हितधारक भाग लेंगे। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य नीतिगत ढांचों को सुदृढ़ करना, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना और औषधीय पादपों के क्षेत्र में आवश्यक कार्यान्वयन संबंधी चुनौतियों का समाधान करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित