रायपुर , जून 05 -- राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) परिक्षेत्र विकास निधि की बैठक शुक्रवार को छत्तीसगढ़ को राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में एनएमडीसी की परिक्षेत्र विकास निधि एवं सीएसआर मद के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न जिलों से प्राप्त कार्ययोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने एनएमडीसी परिक्षेत्र विकास निधि के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान एनएमडीसी के सीएसआर मद के अंतर्गत बस्तर संभाग के छह जिलों-दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, बस्तर, कोण्डागांव और नारायणपुर-से प्राप्त 49 करोड़ 95 लाख 65 हजार रुपये की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तुत नवीन विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित