चम्पावत , मई 12 -- केन्द्र सरकार की सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने चम्पावत जिला की तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-9 (एनएच-9) के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह परियोजना किमी. 38.00 से 52.200 तक सड़क चौड़ीकरण, रखरखाव, प्रबंधन एवं संचालन से संबंधित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रस्तावित परियोजना के तहत तहसील पूर्णागिरि के 12 राजस्व ग्राम- टनकपुर, ज्ञानखेड़ा, मोहनपुर, मोचाई/विचाई, मनिहार गोठ, देवरामपुर उर्फ सीतापुर, फागपुर, चन्दनी, भजनपुर, बमनपुरी, पचपकरिया तथा बनबसा (सिटी) को शामिल किया गया है।
परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों तथा आवागमन को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित काश्तकारों के हितों का विशेष ध्यान रखते हुए प्रत्येक मामले का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उप जिलाधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी (भू-अधिग्रहण) पूर्णागिरि ने विपिन चन्द्र पंत ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 3ए के अंतर्गत अधिसूचना सात मई को भारत के राजपत्र में प्रकाशित की जा चुकी है। इसके तहत 12 ग्रामों के कुल 235 खसरा नंबरों की 10.4089 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जानी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण अथवा उसके उपयोग को लेकर किसी भी व्यक्ति को आपत्ति होने पर वह अधिसूचना प्रकाशन की तिथि से 21 दिनों के भीतर, यानी 28 मई तक साक्ष्यों सहित लिखित आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुनवाई से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि तकनीकी और राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके तथा प्रभावित लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित