भोपाल/सिवनी , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर आभूषण व्यवसायी से हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, नकदी सहित करीब एक करोड़ 11 लाख रुपये की लूटी गई संपत्ति बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार तीन सितंबर की शाम बंडोल थाना क्षेत्र के ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने एनएच-44 पर मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने आभूषण व्यवसायी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसे गिरा दिया और चाकू दिखाकर उसके पास रखे करीब 26 किलोग्राम चांदी, 320 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी सहित करीब एक करोड़ आठ लाख रुपये का सामान लूट लिया तथा फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सिवनी, नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान सातों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और अन्य लूटी गई संपत्ति सहित करीब एक करोड़ 11 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार गंभीर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध तकनीक आधारित कार्रवाई करते हुए नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित