कोंडागांव , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में तीन दुपहिया वाहनों की आपसी टक्कर में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जुगानी कलार के पास एक ही दिशा में जा रही दो बाइक और एक स्कूटी तेज रफ्तार के कारण असंतुलित होकर आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल एक दूध वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य दो को सामान्य चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर फरसगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित