औरंगाबाद , अक्टूबर 18 -- बिहार की राजधानी पटना से अरवल और औरंगाबाद होते हुए झारखंड के पलामू जिले को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (एनएच-139) के फोरलेन निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
इसके साथ ही लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जल्द ही निर्माण के लिए निविदा जारी होने और काम शुरू होने की उम्मीद है।
औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने आज अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए कहा कि एनएच-139 के फोरलेन निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास को गति मिलेगी।
श्री सिंह ने कहा कि एनएच-139 बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है। इसके फोरलेन बन जाने से चारों राज्यों के लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, सड़क की क्षमता बढ़ने से यात्रियों और मालवाहक वाहनों का परिचालन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
श्री सिंह ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद पटना, अरवल, औरंगाबाद और पलामू के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। इससे क्षेत्रीय व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों के समय की बचत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित