नैनीताल , सितम्बर 11 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने नैनीताल जिले में दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को स्वीकृति दी है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को बताया कि जिन दो बाईपास परियोजनाओं को मंजूरी मिली है उनमें लालकुंआ बाईपास और गोला पुल फोरलेन बाईपास शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों बाईपास को विधिवत मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि लालकुंआ बाईपास बरेली रोड नगला से प्रारंभ होकर वन विकास निगम के डिपो तक लगभग सात किलोमीटर लम्बा होगा। स्वीकृति मिलने के साथ ही अब इस बाईपास की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसी प्रकार गोला पुल फोरलेन बाईपास गौला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोर-लेन में परिवर्तित करना है। यह लगभग 8.4 किलोमीटर लंबा है। इस परियोजना के लिए भी संबंधित कार्यदायी एजेंसी को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से हल्द्वानी शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम होगा। इससे पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिल सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित