नयी दिल्ली , मार्च 15 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास की लागू फीस में बदलाव करने की घोषणा की है। इस नए निर्णय के तहत वार्षिक पास का शुल्क मौजूदा 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दिया गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रविवार को यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है। इसमें कहा गया है कि फीस में यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम 2008 के प्रावधानों के अनुसार किया गया है और यह नई दर एक अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से लागू हो जाएगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में 56 लाख से अधिक निजी वाहन मालिक इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं और उनकी संख्या निरंतर बढ़ रही है।
यह संशोधित दर उन सभी पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगी जो वैध फास्टैग के माध्यम से देश भर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर वार्षिक पास सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं।
इस वार्षिक पास का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इससे उपयोगकर्ताओं को अपने फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। एक बार इस निर्धारित शुल्क का भुगतान करने के बाद यह पास एक वर्ष की अवधि या संबंधित वाहन द्वारा 200 टोल प्लाजा पार करने तक के लिए पूरी तरह मान्य होता है। यह व्यवस्था राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रा को अधिक सुगम और सरल बनाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित