नयी दिल्ली , मार्च 06 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शुक्रवार को देश में टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और समावेशिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क पर महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है।
एनएचएआई के अनुसार इस पहल के तहत देशभर के 1,140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की पाली (डे शिफ्ट) में टोल बूथ संचालन के लिए 5,100 से अधिक महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया है। टोल प्लाजा के अग्रिम पंक्ति के संचालन में महिला कर्मचारियों की तैनाती से राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के अनुभव में सुधार होने की उम्मीद है। यह पहल एक कुशल, सहानुभूतिपूर्ण और उपयोगकर्ता-अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ-साथ टोल प्लाजा पर होने वाले विवादों की संभावना को भी कम करने में सहायक होगी।
यह निर्णय विभिन्न हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद लिया गया है। इसमें टोल प्लाजा संचालकों के साथ-साथ प्रमुख उद्योग संगठनों जैसे नेशनल हाइवेज बिल्डर फेडरेशन (एनएचबीएफ), हाइवे ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचओएआई) और ऑल इंडिया यूजर फी कॉन्ट्रैक्टर्स फेडरेशन (एआईयूसीएफ) ने भी भागीदारी की। इन सभी संगठनों ने टोल प्लाजा पर उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह के लिए दिन की पाली में महिला कर्मचारियों की तैनाती पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित