रायपुर , अक्टूबर 14 -- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड पर सड़क दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में देरी और निर्धारित मानकों की अनदेखी के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने संबंधित एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार गत 12 अक्टूबर को तड़के करीब तीन बजे चोटिया टोल प्लाजा के समीप दो ट्रक-ट्रेलरों के बीच टक्कर हो गई थी। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने में देरी होने के कारण राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मामले की जांच में एजेंसी की ओर से दुर्घटना प्रबंधन में गंभीर खामियां सामने आईं। घटना के समय एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर उपस्थित नहीं था। इसके अलावा क्रेन चालक की अनुपलब्धता और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए आवश्यक उपकरणों में पर्याप्त ईंधन नहीं होने के कारण राहत कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका।

बताया गया कि दुर्घटना के संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।

एनएचएआई ने इन अनियमितताओं को दुर्घटना प्रबंधन और राजमार्ग गश्त व्यवस्था के निर्धारित मानकों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित