देहरादून/नयी दिल्ली , मई 26 -- राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तराखंड के देहरादून जिले के एक निजी अस्पताल में आग लगने के बाद एक मरीज की कथित मृत्यु के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है।
आयोग ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव तथा देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
आयोग ने मंगलवार को गत 20 मई के लिए देहरादून के स्वामी दयानंद सरस्वती पुल के पास स्थित पेनिसिया नामक एक निजी अस्पताल में आग लगने की घटना संबंधी मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है। बताया गया है कि 14 मरीजों को सुरक्षित बचाकर उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक महिला मरीज को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चार अन्य मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित