रायपुर , जुलाई 24 -- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस 25 जुलाई को छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में नीट एवं सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित करेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन एवं प्रशासन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च निकालकर महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर सत्याग्रह किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में हुई कथित अनियमितताओं से विद्यार्थियों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसके विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि परीक्षा प्रणाली की विफलता की नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित