एथेंस , सितंबर 25 -- यूनान की राजधानी एथेंस के ऐतिहासिक प्लाका जिले में शुक्रवार तड़के एक इमारत में हुए भीषण विस्फोट में इमारत ढह गई, जिससे तीन विदेशी पर्यटकों सहित कम से कम पांच लोग लापता हो गए हैं।

ग्रीक अग्निशमन सेवा और आपातकालीन दस्तों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।

प्रसिद्ध एक्रोपोलिस के निकट लिसिक्रेटस स्ट्रीट पर हुआ यह विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर दूर तक सुनी गई।

इस हादसे में आसपास की अन्य इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन दल ने मलबे से दो महिलाओं को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर गैस रिसाव को विस्फोट का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित