भोपाल , मार्च 22 -- मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने ताइवान के नानटौ स्थित सन मून लेक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

अकादमी के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एथलीट देव कुमार मीणा ने 5.40 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अर्जित किया और अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की। यह इस सत्र की उनकी दूसरी प्रतियोगिता थी, इससे पहले वे 5.25 मीटर की छलांग लगा चुके हैं। उनके प्रदर्शन के आधार पर वे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। इसी प्रतियोगिता में नितिका अकारे ने 3.95 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

एशियन गेम्स 2026 के लिए पोल वॉल्ट का क्वालिफिकेशन मार्क 5.45 मीटर निर्धारित है और देव कुमार मीणा इस लक्ष्य के काफी करीब पहुंच चुके हैं, जिससे आगामी प्रतियोगिताओं में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है और इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित