पटना , सितंबर 29 -- एथर एनर्जी के मार्केटिंग प्रमुख सौरभ शर्मा ने मंगलवार को कहा कि पर्यावरण उपयुक्त वाहनों की मांग और आवश्यकता को देखते हुए बिहार में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को आम लोगों तक पहुंचाना कंपनी की प्राथमिकता है।
श्री शर्मा ने कहा की इसी उद्देश्य से कंपनी ने पटना में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर 'कोनार्क' पेश किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गयी है।
मार्केटिंग प्रमुख ने कहा कि कोनार्क को भारतीय सड़कों और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें धातु की बाहरी बनावट, आरामदायक सवारी, एक बार चार्ज करने पर 200 किलोमीटर तक की प्रमाणित दूरी, घर पर तेज चार्जिंग और लंबी बैटरी वारंटी जैसी सुविधाएं दी गयी हैं।
कंपनी के अनुसार, कोनार्क के छह संस्करण एस और जेड श्रेणियों में उपलब्ध होंगे। इसकी पांचवीं पीढ़ी की 'बेडरॉक' बैटरी पर 10 वर्ष या एक लाख किलोमीटर (जो पहले पूरा हो) की वारंटी दी गयी है। इस अवधि के अंत में बैटरी की कम से कम 70 प्रतिशत क्षमता बने रहने की गारंटी भी दी गयी है।
कम्पनी के प्रोडक्ट हेड नागेन्द्र ने बताया को इस स्कूटर की एक प्रमुख विशेषता इसकी सर्विस अवधि है, जिसे 10,000 किलोमीटर रखा गया है। इससे अधिकांश चालकों को वर्ष में लगभग एक बार ही नियमित सर्विस की आवश्यकता होगी। इसमें उन्नत इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग प्रणाली, बिना चाबी के संचालन, स्वत: खुलने वाली डिक्की और तंग जगहों पर स्कूटर को आसानी से खिसकाने की सुविधा भी दी गयी है।
कंपनी ने बताया कि वैकल्पिक 450 वाट के बाहरी चार्जर को स्कूटर के अंतर्निर्मित चार्जर के साथ जोड़कर 900 वाट की संयुक्त चार्जिंग की जा सकती है, जिससे घर पर चार्जिंग में लगने वाला समय आधा तक कम हो सकता है।
एथर के अनुसार, बिहार में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के 4.7 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 11.5 प्रतिशत हो गयी है। इस दौरान कंपनी ने 307 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है।
कंपनी के बिहार में 19 बिक्री और सेवा केंद्र हैं। इनमें तीन पटना में स्थित हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 116 चार्जिंग केंद्र संचालित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित