अगरतला , अप्रैल 18 -- त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (एडीसी) चुनावों में टिपरा मोथा की जीत के बाद कुछ जगहों पर हिंसा भड़क गयी।
खोवाई के रामचंद्रघाट से भाजपा उम्मीदवार और पार्टी के प्रदेश सचिव डेविड देबबर्मा ने आरोप लगाया कि विधायक रंजीत देबबर्मा के नेतृत्व में टिपरा मोथा के कार्यकर्ताओं ने उनके निवास और संपत्ति पर हमले किये। इस हमले में उनके घर और रबर बागान को नुकसान पहुंचा है। यही नहीं उनके कार्यकर्ता के पशु भी चोरी कर लिए गये। श्री डेविड ने प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया और दावा किया कि पुलिस ने तब भी कुछ नहीं किया जब अपराधी उनके सामने सरेआम भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे थे। खोवाई के अलावा, विश्रामगंज, तेलियामुरा, जिरानिया, सबरूम और आसपास के क्षेत्रों में आगजनी और तोड़फोड़ के आरोप भी लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि परिषद के चुनाव परिणामों में टिपरा मोथा की निर्णायक जीत हुई है। इसने 28 में से 24 सीटों पर कब्जा जमाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित