देहरादून , अगस्त 22 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद पुलिस ने शनिवार को एटीएम में भोले भाले लोगों के कार्ड बदलकर बाद में पैसे निकालने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि शुक्रवार को थाना विकासनगर पुलिस को हरबर्टपुर चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति स्विफ्ट कार एवं मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आए हुए हैं, जो एटीएम कार्ड बदलकर चोरी और धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड पर हरबर्टपुर स्थित ढालीपुर पुल से पहले एक स्विफ्ट कार में बैठे चार व्यक्तियों को रोककर चैक किया। चारो व्यक्तियों की गतिविधिया संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक देशी तमंचा, कारतूस तथा अलग-अलग बैंकों के कई एटीएम कार्ड बरामद हुए। कार्डो के संबंध में जानकारी करने पर अभियुक्तों ने इन कार्डो को अलग-अलग लोगो से ठगी कर चोरी करना बताया। जिस पर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके विरुद्ध कोतवाली विकासनगर पर धारा 313/318(4)/3(5) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित