हरिद्वार , मई 09 -- उत्तराखंड में हरिद्वार में शनिवार को कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एटीएम कार्ड धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने शहर में बढ़ रही एटीएम ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 संदिग्ध एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर एटीएम ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बहादराबाद पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय गिरोह की तलाश में लगाया गया था। पुलिस टीम लगातार बैंक और एटीएम बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही थी।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ बहादराबाद पीपल चौक स्थित एसबीआई एटीएम बूथ के पास जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। भागने के दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई, जिसके बाद दोनों युवक झाड़ियों की ओर भागने लगे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शिवा उर्फ शिव निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी और मधुसूदन उर्फ मनोज निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 17 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद बरामद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित