धार , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में कानवन पुलिस ने 16 किलोमीटर तक पीछा कर अंतर्राज्यीय एटीएम कटर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो और 3.60 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह के तीन अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में ड्रोन और ग्रामीणों की मदद से सर्चिंग की जा रही है।
पुलिस के अनुसार तीन सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे धार रोड से रतलाम फोरलेन की ओर तेज गति से जा रही संदिग्ध स्कॉर्पियो क्रमांक एमएच 12 एक्सएच 5112 को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डायल 112 वाहन के साथ पीछा किया। छोकला टोल प्लाजा पर घेराबंदी के दौरान कार में सवार पांच आरोपी वाहन छोड़कर सोयाबीन के खेतों में भाग गए।
पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दूसरे को ड्रोन कैमरे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खेतों में तलाश कर गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ दातु खान निवासी धीरणकी, जिला पलवल, हरियाणा तथा कमरियाब पिता सत्तार निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर कर्नाटक के विजयपुर जिले में एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना कुडगी, विजयपुर में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज बताया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र में भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार बारिया, उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, कानवन पुलिस टीम तथा डायल 112 के आरक्षक दिलीप जाट और वाहन चालक सुभाष सोलंकी की भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित