देवरिया, अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी से बचाव करने के लिये एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील की है।

श्री हुलगी ने शुक्रवार को यहां कहा कि अभिभावक 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की पात्र बालिकाओं का समय से टीकाकरण करायें । उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से भी छात्राओं व अभिभावकों को इस टीके के प्रति जागरूक करने को कहा।उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार एचपीवी का टीका सर्वाइकल कैंसर से करीब 90 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करता है। यह टीका सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पात्र बालिकाओं को एचपीवी का टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। निजी अस्पतालों में इसकी कीमत लगभग चार हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि जिले में अबतक 19 हजार 440 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन तथा प्रत्येक बुधवार व शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित कर एएनएम द्वारा टीका लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित