चंडीगढ़ , अगस्त 01 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के प्रश्नपत्रों में मिस प्रिंट, गलत विकल्प और तकनीकी त्रुटियों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी गलतियां परीक्षार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ हैं। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देशभर में भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे समय में परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा और परिणाम घोषित होने तक हर स्तर पर सावधानी बरती जाए।
उन्होंने कहा कि एचटेट-2026 में करीब 2.33 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि प्रश्नपत्रों में त्रुटियों को लेकर 18 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज होना गंभीर मामला है। यदि जांच में प्रश्न या विकल्प गलत पाए जाते हैं तो प्रभावित अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। बोर्ड को निष्पक्ष तरीके से उचित ग्रेस अंक देने और आपत्तियों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित