चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य सरकार पर युवाओं, कर्मचारियों और किसानों के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में श्री हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के जरिए युवाओं का शोषण किया जा रहा है। युवाओं को कोई सुविधा नहीं मिल रही और नौकरी लगवाने के नाम पर सरकार एक प्रतिशत कमीशन ले रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस की मांग है कि एचकेआरएन के कर्मचारियों को पक्की नौकरी दी जाए। इस मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस 19 अगस्त को पंचकूला में विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसके समन्वयक विधायक अशोक अरोड़ा होंगे।

श्री हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश में 3 लाख 75 हजार स्वीकृत पद थे, जो अब घटकर करीब 2.5 लाख रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक कमेटी बनाएगी, जो मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करेगी। यह कमेटी विधायक अशोक अरोड़ा की देखरेख में काम करेगी।

उन्होंने कहा कि विधानसभा का मानसून सत्र आने वाला है और कांग्रेस बैंक घोटाले समेत अन्य मुद्दों को सदन में उठाएगी। मानसून की तैयारियों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में जगह-जगह जलभराव हो रहा है, लेकिन सरकार ने पर्याप्त तैयारियां नहीं कीं।

बिजली कर्मचारियों की निजीकरण के खिलाफ प्रस्तावित लड़ाई का समर्थन करते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस भी बिजली के निजीकरण के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद गेस्ट टीचरों को नियमित नहीं किया गया है। सरकार को हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए उन्हें नियमित करना चाहिए।

यूरिया की कमी और डिजिटल बिक्री पर हुड्डा ने कहा कि केंद्र से मिले यूरिया का भी सरकार ने पूरा उठान नहीं किया। सरकार हर काम के लिए पोर्टल बना रही है। उन्होंने परिवार पहचान पत्र को लेकर भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह लोगों के लिए परिवार परेशानी पत्र बन गया है।

ई20 पेट्रोल पर हुड्डा ने कहा कि नीति आयोग की 2018 की रिपोर्ट में इसके कारण वाहनों की माइलेज और उम्र कम होने की बात कही गई थी, इसके बावजूद ई 20 पेट्रोल लागू किया गया। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्थिति खराब हो चुकी है और हाईकोर्ट ने भी सरकार से हरियाणा में सक्रिय गैंग्स को लेकर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित