चंडीगढ़ , जून 20 -- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की ग्रुप-डी भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही तकनीकी समस्याएं सामने आने लगी हैं। अभ्यर्थियों ने शिकायत की है कि आवेदन पोर्टल पर प्रमाणपत्र अपलोड करने में काफी समय लग रहा है, जबकि कई उम्मीदवारों को आवासीय प्रमाणपत्र अपलोड करने के बाद भी "मिसमैच" का संदेश दिखाई दे रहा है।

आयोग ने 19 जून से ग्रुप-डी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई है। पहले ही दिन पोर्टल पर भारी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से सर्वर पर दबाव बढ़ गया, जिससे आवेदन प्रक्रिया धीमी पड़ गई।

हिसार, रोहतक समेत विभिन्न जिलों के उम्मीदवारों ने बताया कि आवेदन शुल्क जमा होने के बाद भी अगली प्रक्रिया में देरी हो रही है। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि पुराने रिहायशी प्रमाणपत्र अपलोड करने पर सिस्टम बार-बार मिसमैच दिखा रहा है, जिससे आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा। एचएसएससी अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से प्रमाणपत्र अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमाणपत्र निर्धारित अवधि के भीतर जारी किए गए होने चाहिए। गलत या पुराने दस्तावेज अपलोड करने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है।

इस बीच शुक्रवार रात कुछ समय के लिए पोर्टल के सर्वर डाउन होने की शिकायत भी सामने आई। आयोग के अनुसार तकनीकी टीम लगातार पोर्टल की निगरानी कर रही है और आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित