तिरुवनंतपुरम , मई 27 -- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले मिनी रत्न सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम एचएलएल ने मासिक धर्म स्वच्छता और पर्यावरण के अनुकूल स्थायी मासिक धर्म स्वास्थ्य समाधानों को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों के तहत मासिक धर्म कप (मेंस्ट्रुअल कप) की वार्षिक उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 50 लाख यूनिट कर दिया है।
कंपनी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में उसकी अक्कुलम फैक्ट्री में मासिक धर्म कप उत्पादन क्षमता बढ़ाकर सालाना 30 लाख कर दी गयी है। इस उन्नत सुविधा का हाल ही में उद्घाटन किया गया था। एचएलएल के अनुसार, इस विस्तार से मासिक धर्म कप के व्यापक वितरण में मदद मिलेगी। इसमें इसकी काॅरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) परियोजना "थिंकल" शामिल है, जिसका उद्देश्य वंचित वर्ग की महिलाओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता और पहुंच में सुधार करना है। थिंकल पहल के तहत, एचएलएल सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त में "थिंकल कप" वितरित करता है। डिस्पोजेबल सैनिटरी उत्पादों से पर्यावरणीय कचरे की समस्या को भी कम किया जा सकता है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान, कंपनी की योजना देश भर में मासिक धर्म कप वितरित करने की है। इनमें से तीन लाख कप केवल केरल में वितरित किये जाने की योजना है।
एचएलएल की गैर-लाभकारी शैक्षिक और सामाजिक विकास सहायक कंपनी (एचएमए) इस परियोजना को कार्यान्वित कर रही है। वर्ष 2018 में केरल में आयी बाढ़ के दौरान संकट की अवधि के दौरान सैनिटरी पैड कचरे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए अलाप्पुझा नगर पालिका में पहली बार यह पहल शुरू की गयी थी। एचएमए ने अब तक नौ राज्यों - गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल - के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेशों लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में लगभग 15 लाख मासिक धर्म कप वितरित किये हैं।
एचएमए में सार्वजनिक स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रबंधक डॉ. कृष्णा एस एच ने कहा कि यह परियोजना सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों सहित भागीदार संगठनों के सहयोग से लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि एचएमए मासिक धर्म स्वास्थ्य साक्षरता में सुधार करने और मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक कुप्रथाओं को तोड़ने में मदद करने के लिए लाभार्थी महिलाओं के लिए मासिक धर्म कप के उचित उपयोग और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर जागरूकता सत्र भी आयोजित करती है।
एचएलएल ने कहा कि उसके मासिक धर्म कप मेडिकल-ग्रेड सिलिकॉन का उपयोग करके बनाये जाते हैं, जो उन्हें सुरक्षित, लचीला, पुन: उपयोग योग्य और पर्यावरण के अनुकूल बनाता है। सीएसआर पहल के तहत वितरित किये जाने वाले थिंकल कप के अलावा कंपनी वेलवेट और कूल कप जैसे मासिक धर्म कप ब्रांडों का व्यावसायिक रूप से विपणन भी करती है। कंपनी ने बताया कि दोबारा इस्तेमाल किये जा सकने वाले मासिक धर्म कप कई वर्षों तक चल सकते हैं, जिससे वे डिस्पोजेबल मासिक धर्म उत्पादों का एक किफायती विकल्प बनते हैं और साथ ही पर्यावरणीय कचरे को भी कम करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित