नयी दिल्ली , अप्रैल 30 -- दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना और रक्षा क्षेत्र की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी एचएफसीएल का समेकित शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 184.45 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले समान तिमाही में उसे 83.30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
कंपनी ने गुरुवार को घोषित वित्तीय परिणामों के बारे में कहा है कि यह अब तक उसका सबसे मजबूत वित्तीय प्रदर्शन है। तिमाही के दौरान उसका समेकित राजस्व 128 प्रतिशत बढ़कर 1,824 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने 336.93 करोड़ रुपये का परिचालन लाभ दर्ज किया।
एक आधार पर कंपनी ने तिमाही में 1,511.24 करोड़ रुपये का राजस्व, 312.41 करोड़ रुपये का परिचालन लाभ और 177.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया।
कंपनी के निदेशकमंडल ने 20 प्रतिशत अंतिम लाभांश की भी सिफारिश की है।
पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का समेकित राजस्व 21.77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,949.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। परिचालन लाभ 63.15 फीसदी बढ़कर 826.75 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 90.14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 329.44 करोड़ रुपये हो गया।
एचएफसीएल के प्रबंध निदेशक महेंद्र नहाटा ने परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "वित्त वर्ष 2025-26 एचएफसीएल के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष रहा है, जिसमें हमने 21 प्रतिशत से अधिक राजस्व वृद्धि और कर पूर्व लाभ में लगभग 97 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की। हमें विश्वास है कि कंपनी अब एक मजबूत और स्थिर विकास चरण में प्रवेश कर रही है।"श्री नहाटा ने कहा कि कंपनी के ऑर्डर बुक में न केवल वृद्धि हो रही है, बल्कि इसकी गुणवत्ता भी बेहतर हो रही है। इसमें निर्यात, दीर्घकालिक अनुबंध और उच्च मार्जिन वाले उत्पाद शामिल हैं। ऑप्टिकल फाइबर प्रीफॉर्म में बैकवर्ड इंटीग्रेशन, रक्षा क्षेत्र में विस्तार, वैश्विक उपस्थिति और उत्पाद-आधारित विकास हमारी भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि चौथी तिमाही की मजबूत गति आने वाली तिमाहियों में भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित