शिमला , मई 24 -- हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालकों और परिचालकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कर्मचारियों के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि श्री अग्निहोत्री ने रविवार को शिमला में घोड़ा चौकी के पास एचआरटीसी वोल्वो बस के चालक पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और मेहमाननवाजी के लिए देशभर में जाना जाता है और वह ऐसी अमानवीय और असामाजिक घटनाओं की अनुमति नहीं दे सकता जो राज्य की छवि को खराब करती हैं। उन्होंने मामले में तुरंत कार्रवाई के बाद पुलिस के द्वारा चार आरोपियों को गिरफ्तार करने की भी बात कही।
पुलिस प्रशासन और एचआरटीसी अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित