पटना , मई 14 -- राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी अपर समाहर्ता (राजस्व) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राज्य में चल रहे एग्रिस्टैक अभियान, दाखिल-खारिज मामलों, लंबित विभागीय कार्यों तथा राजस्व न्यायालयों में वीसी सिस्टम इंस्टॉलेशन की समीक्षा करते हुए कई सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव ने राज्य में चल रहे एग्रिस्टैक अभियान के तहत लंबित फॉर्मर रजिस्ट्री वेरिफिकेशन कार्यों को तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही नए फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

सचिव ने राजस्व कर्मचारियों के स्थापना संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अंचल अधिकारियों के लंबित वेतन भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश सभी जिलों को दिया। इसके अलावा सभी राजस्व न्यायालयों के लिए विभाग द्वारा क्रय किए गए वीसी सिस्टम के इंस्टॉलेशन की तैयारी शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

बैठक में नालंदा के अपर समाहर्ता के साथ मलमास मेला की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं विभागीय कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों की फिजिकल बैठक अब केवल शनिवार को होगी, जबकि अन्य दिनों में बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित