सिडनी , जुलाई 22 -- अगले साल भारत में टेस्ट सीरीज जीतने का मौका ऑस्ट्रेलिया टीम के चयनकर्ताओं के लिए एक दुविधा बन गया है। पैनल में इस बात चर्चा कर रहा कि सितंबर में कूपर कॉनॉली जैसे खिलाड़ियों को कहां भेजा जाए, क्योंकि उसी समय ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम दक्षिणी अफ्रीका के दौरे पर होगी और ऑस्ट्रेलिया ए टीम भारत में दो अहम चार-दिन के मैच खेलेगी।

ऑस्ट्रेलिया की टीम जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर छह वनडे मैच खेलेगी, जो 15 से 30 सितंबर तक चलेंगे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज होगी जो नौ अक्टूबर से शुरू होगी। टेस्ट सीरीज से पहले तीन अक्टूबर को पॉचेफस्ट्रूम में दो दिन का वार्म-अप मैच खेला जाएगा। इसी जगह पर चार दिन पहले आखिरी वनडे मैच भी खेला जाएगा। इसी दौरान, ऑस्ट्रेलिया ए टीम भारत के दौरे पर होगी और इंडिया ए के खिलाफ दो चार-दिन के मैच खेलेगी। ये मैच पुडुचेरी में क्रमशः 22-25 सितंबर और 29 सितंबर-2 अक्टूबर को खेले जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता पैनल के चेयरमैन जॉर्ज बेली ने मंगलवार को बताया कि उनका पैनल इस बात पर चर्चा कर रहा है कि किन खिलाड़ियों को कहां भेजा जाए, क्योंकि प्राथमिकताएँ अलग-अलग हो सकती हैं। ऑस्ट्रेलिया 2027 वर्ल्ड कप के लिए खिलाड़ियों को परखने के मकसद से वनडे मैचों का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है, लेकिन भारत में होने वाले दो चार-दिवसीय मैच भी जनवरी में शुरू होने वाले पांच टेस्ट मैचों के दौरे से पहले उतने ही अहम हैं, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने वहाँ 2004 के बाद से कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित