बैतूल , जुलाई 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम बाड़ेगांव में एक ही रात में 21 किसानों के खेतों से ट्यूबवेल और कुओं से जुड़े बिजली के केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना में किसानों को लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो कई स्थानों पर खेतों में बने कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखने पर ट्यूबवेल और मोटर पंपों से जुड़े बिजली के केबल गायब थे। सूचना मिलने पर अन्य किसानों ने भी अपने खेतों की जांच की, जहां इसी प्रकार की चोरी की पुष्टि हुई।
किसान केदारनाथ साकरे ने बताया कि उनके खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर चोर लगभग 100 फीट लंबा बिजली का केबल ले गए। इसके अलावा कुएं पर लगे दो मोटर पंपों से जुड़े केबल भी चोरी कर लिए गए। बाद में पता चला कि गांव के अन्य किसानों के खेतों में भी इसी तरह की वारदात हुई है।
घटना में राजेश साकरे, बाल्या हिवरखेड़े, शिवशंकर बरोदे, संदीप बरोदे, रविंद्र साकरे, रोशन बरोदे, रवि बरोदे, भाऊराव साकरे, विनायक साकरे, निलेश भूमरकर, नरेंद्र साकरे, राजू साकरे, शंकर साकरे, बाबूलाल बरोदे, सुरेश बरोदे, मनीष बरोदे, सोनू साकरे, गुलाब बरोदे, बसंता साकरे और रघुनाथ साकरे सहित कुल 21 किसानों के खेतों से लगभग एक हजार 945 फीट बिजली के केबल चोरी हुए हैं। किसानों ने चोरी गए केबल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। फसल सीजन के दौरान चोर खेतों में लगे मोटर पंपों के केबल चोरी कर लेते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई कार्य भी प्रभावित होता है। उनका आरोप है कि पूर्व की कई घटनाओं में भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे हैं।
घटना के बाद प्रभावित किसान प्रभातपट्टन थाने पहुंचे और सामूहिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। पुलिस ने किसान केदारनाथ साकरे की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित