अलवर , फरवरी 25 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में चोरों ने मंगलवार रात तीन बड़े प्राचीन मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

मंदिर के पुजारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे जयपुर मार्ग स्थित शिव मंदिर में चोरों ने मंदिर के दान पात्र और तालों को तोड़ा और चांदी के छत्र, भगवान की माला एवं बर्तन और सामान लेकर फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि इसके बाद पुराना भूरा सिद्ध मंदिर और अय्यप्पा मंदिर में भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया, लेकिन अय्यप्पा मंदिर में चोर मंदिर के ताले नहीं तोड़ पाये। इसलिए उनको सफलता नहीं मिली, जबकि शिव मंदिर और पुराना भूरा सिद्ध मंदिर में चोरों ने चोरी कर ली। शिव मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हो गयी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित