अलवर , फरवरी 17 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फटाखा बनाने की अवैध फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन रीको के अधिकारी ने संयुक्त रूप से जांच करते हुए पटाखा गोदाम में भारी मात्रा में निर्मित पटाखे बरामद किए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आज जिन दो फैक्ट्रियों में कार्रवाई की गयी उनका मालिक भी वही है, जिसकी कंपनी में सोमवार को आग लगी थी। तीनों संस्थान एक ही मालिक ने किराए पर लिए हैं।
इस बीच जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राघवेंद्र सुहास ने भी तीनों फैक्ट्रियों का दौरा करके जानकारी ली । उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी को इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
हादसे वाली फैक्ट्री में काम करने वाले बिहार निवासी एक मजदूर की निशानदेही पर दो जगह कार्रवाई की गई।
एक कंपनी में निर्माण काम होता था जबकि दूसरा गोदाम था।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा ने बताया कि यहां भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है। हर पहलू से इसकी जांच की जा रही है। देर रात तक बरामद विस्फोटक की गणना होगी। जहां गोदाम मिला है वह फैक्ट्री भी धागे बनाने के नाम पर ली गई, लेकिन अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण अभी यहां काम शुरू नहीं हुआ, लेकिन सामान रख दिया गया। अनुबंध भी 15 जनवरी से किया हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री के मूल मालिक को तो इस बात का पता ही नहीं था कि यहां ऐसा काम होगा। सारा माल सीज करके मामला दर्ज कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित