भरतपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र में झंझार गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में सोमवार देर रात हुए खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गये। घायलों में पांच को अलवर के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि जमीन के मालिकाना हक को लेकर परिवार के दो पक्षों में चल रहे विवाद को लेकर गांव में खूनी संघर्ष छिड़ गया। बाद में मामला उस समय और गरमा गया जब दोनों पक्षों के लोग अलवर जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के सामने अर्धरात्रि के बाद भी आमने सामने आ गए। वहां पर फिर से दोनों पक्षों के लोगों में तीखी बहस और कहासुनी हो गई।
अस्पताल परिसर में अचानक बने तनाव के माहौल से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव कर मामला शांत कराना पड़ा।
सूत्रों ने बताया कि घायलों में बुजुर्ग जीवनलाल (70) पूनम, सरोज, राकेश और जगदीश शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित