चेन्नई/पुडुचेरी , मई 05 -- तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में एक बेहद दुर्लभ राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्य अलग-अलग राज्यों और अलग-अलग दलों से चुनाव जीतकर विधायक बने हैं।

यह अनोखी स्थिति पहली बार देखने को मिली है, जब 'लॉटरी किंग' सैंटियागो मार्टिन के परिवार के तीन सदस्य एक साथ विधानसभा पहुंचेंगे। इनमें एक सदस्य ने पुडुचेरी से और दो ने तमिलनाडु से जीत दर्ज की है।

पुडुचेरी में सैंटियागो मार्टिन के पुत्र जोस चार्ल्स मार्टिन ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के रूप में कामराज नगर सीट से जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के देवदास को 10 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। अपनी पार्टी 'लक्ष्य जननायक कच्ची' (एलजेके) के गठन के कुछ ही समय बाद एनआर कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन से जुड़कर उन्होंने पहली ही बार में आसान जीत दर्ज की।

तमिलनाडु में उनकी मां लीमा रोज मार्टिन ने तिरुचिरापल्ली जिले की लालगुड़ी सीट से अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतते हुए द्रमुक के पारिवल्लल को 5,230 मतों से हराया।

चेन्नई के विल्लीवक्कम निर्वाचन क्षेत्र से अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवार और अभियान प्रबंधन महासचिव आधव अर्जुना ने द्रमुक के मौजूदा विधायक कार्तिक मोहन को 17,300 से अधिक मतों से पराजित किया। श्री अर्जुना लीमा रोज मार्टिन के दामाद हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित