कानपुर , अक्टूबर 27 -- एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नवंबर को एचबीटीयू के शताब्दी भवन, कानपुर नगर में मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

शिविर में लगभग 43 विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर के सचिव अभिनव तिवारी ने बताया कि शिविर की तैयारियों को लेकर आज एक बैठक में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल ने संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित बैठक में जनपद न्यायाधीश ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर को सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में शिविर से पूर्व आयोजित किए जाने वाले प्री-कैंप, पात्र लाभार्थियों की पहचान, पंजीकरण तथा शिविर के दिन योजनाओं का लाभ वितरित करने की तैयारियों पर चर्चा की गई। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश, आवश्यक वस्तु अधिनियम देवकान्त शुक्ला, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट, कक्ष संख्या-13 रश्मि सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अभिनव तिवारी तथा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कक्ष संख्या-01 अतुल कुमार नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित