जालंधर , अप्रैल 29 -- पंजाब आम आदमी पार्टी ने बुधवार को जालंधर में करीब एक हज़ार पार्टी ऑब्जर्वर की बैठक कर संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन किया।

गांवों, वार्डों और विधानसभा क्षेत्रों में तैनात ऑब्जर्वर के साथ हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने जमीनी स्तर के फीडबैक की समीक्षा की और अगले चरण के विस्तार की रणनीति तैयार की।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी का संगठन पंजाब में सबसे मजबूत है और हर गांव तथा हर घर तक पार्टी कार्यकर्ता जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और कुछ नेताओं के जाने से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि समुद्र से कुछ बूंदें निकल जायें तो समुद्र पर कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी किसी एक व्यक्ति से बड़ी है और पंजाब के लोग हमेशा आम आदमी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सभी फैसले जनहित में लिये गये हैं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सम्मान से जुड़े 'एंटी-बेअदबी' विधेयक को लेकर पंजाब ही नहीं बल्कि विदेशों में बसे एनआरआई भी खुशी जता रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों को दिन के समय पर्याप्त बिजली मिल रही है और नहरों का पानी टेल एंड तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक मई से पहली बार व्यवस्थित ढंग से नहरी पानी वितरण शुरू होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचायें और लोगों से सीधा संवाद बनाये रखें। साथ ही जनगणना के दौरान पंजाबी भाषा को मातृभाषा के रूप में दर्ज कराने के लिए लोगों को प्रेरित करें।

इस दौरान सिसोदिया ने कहा कि 1000 ऑब्जर्वर ने पिछले चार महीनों में करीब 2.5 लाख वालंटियर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका फीडबैक पार्टी और सरकार तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यही नेटवर्क सरकार, संगठन और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकारके कामकाज से बेहद उत्साहित हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़कें, किसानों की भलाई और बिजली जैसे क्षेत्रों में पिछले चार वर्षों में जितना काम हुआ, उतना पिछली सरकारें 75 वर्षों में नहीं कर सकीं।

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी पार्टियां इसलिए चिंतित हैं क्योंकि पंजाब के लोग 2027 में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित