भोपाल , मई 08 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में 83 लाख रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए हैं। पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश में मंदसौर जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम जब्त की। आरोपी ने मादक पदार्थों को पानी की विद्युत मोटर की बॉडी में छिपाकर रखा था। इस कार्रवाई में लगभग 51 लाख 72 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
एक अन्य मामले में भावगढ़ थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके कब्जे से 27 किलोग्राम एसिटिक एनहाईड्राइड तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की। दोनों मामलों में कुल 52 लाख 82 हजार रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
वही नीमच जिले की मनासा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से छह क्विंटल एक किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लगभग 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की।
जबकि देवास जिले की खातेगांव पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 ग्राम ब्राउन शुगर और अन्य सामग्री सहित लगभग चार लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की।
तो भोपाल क्राइम ब्रांच ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.570 किलोग्राम गांजा और मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री की कीमत लगभग दो लाख पांच हजार रुपए बताई गई है। वही शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने स्मैक बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 17.60 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपए है।
टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना पुलिस ने ग्राम गड़ारी में कार्रवाई करते हुए 89 गांजा के पौधे, जिनका कुल वजन 63.67 किलोग्राम बताया गया है, जब्त किए। पुलिस ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और वितरण में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित