जालौन , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शनिवार को झांसी से आए जीआरपी पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आटा स्टेशन पर विवाहिता आकांक्षा से हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी का खुलासा न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि मामले का एक सप्ताह के भीतर खुलासा किया जाए, अन्यथा कालपी चौकी प्रभारी की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने कहा कि चोरी की घटना को 12 दिन से अधिक समय बीत चुका है, इसके बावजूद पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने अधिकारियों को संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आगामी गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश थाना प्रभारी हेमंत सोलंकी को दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन भी बढ़ेगा। ट्रेन के आने-जाने के समय प्लेटफार्म पर पुलिस बल की पर्याप्त मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
एसपी ने विशेष रूप से रात के समय और पैसेंजर ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा पर जोर दिया। महिला सुरक्षा कर्मियों को झांसी-कानपुर और कानपुर-झांसी मेमू पैसेंजर के समय प्लेटफार्म पर मौजूद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेनों में किन्नरों द्वारा यात्रियों से कथित जबरन वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी-आरपीएफ को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मोबाइल चोरी, मारपीट समेत छोटी घटनाओं की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जाए। एस्कॉर्ट कर्मचारियों को यात्रियों की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही हवालात के जल्द उद्घाटन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित