पटना , अगस्त 14 -- बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को कहा कि एक शिक्षित महिला अपने जीवन के साथ पूरे परिवार तथा आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती हैडॉ. कुमार आज गौतम बुद्ध महिला कॉलेज, गया जी के 74वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए।
विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर "बिहार में महिला शिक्षा एवं सशक्तीकरण : अवसर और चुनौतियाँ" विषय पर आयोजित एक दिवसीय सेमिनार को सम्बोधित करते हुए कहा कि महिला शिक्षा केवल एक बेटी का जीवन नहीं बदलती, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाती है।
डॉ. कुमार ने कहा कि बिहार में बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। साइकिल योजना, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न प्रोत्साहनकारी योजनाओं से बेटियों के लिए शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में लड़कियों को शिक्षा के साथ कौशल, रोजगार और नेतृत्व के अवसर भी उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं को डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, उद्यमिता और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालयों में करियर काउंसलिंग, कौशल विकास, इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों को मजबूत करने पर बल दिया।
डॉ. कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा तक पहुँच, आर्थिक कठिनाइयाँ, सामाजिक रूढ़ियाँ, डिजिटल असमानता और सुरक्षित परिवहन जैसी चुनौतियाँ अभी भी मौजूद हैं। समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी बेटी की प्रतिभा अवसर के अभाव में नहीं रुके।
विधानसभा अध्यक्ष ने गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की भूमिका की चर्चा करते हुए कहा कि गया की ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत के बीच स्थित यह संस्थान महिला शिक्षा और नेतृत्व का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने तथा सार्वजनिक जीवन में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित