श्रीगंगानगर , जून 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में चाइल्ड हेल्पलाइन को विगत एक वर्ष पूर्व हज़ूर साहब नांदेड़ एक्सप्रेस ट्रेन में मिले बालक दादू की घर वापसी करवाने में सफलता हासिल हुई है।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने इस बालक को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के मार्फत विवेक आश्रम बाल गृह भिजवाया दिया था । बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन ने बालक से बातचीत की तो बालक अपने एवं परिजनों की पूरी तरह से जानकारी नही दे पाया। केवल इतना ही बताया कि वह कोटा का रहने वाला है। वह पिता के साथ काम करने आया था और उनसे बिछुड़ गया ।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जोगेंद्र कौशिक ने आज बताया कि बालक से लगातार बातचीत के बाद बालक के निवास का पता लगाया जा सका। बालक को समय-समय पर कोटा के अलग-अलग क्षेत्र के वीडियो दिखाए गए, जिसमें बालक दादू ने कोटा में स्थित चंबल रिवरफ्रंट को पहचान लिया। बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. रामप्रकाश शर्मा ने बताया बालक द्वारा जानकारी देने के बाद बाल कल्याण समिति कोटा से संपर्क किया गया। उसके परिजनों का पता लगाने के लिए वहां संबंधित थाने की पुलिस से आग्रह किया गया। इस तरह लगातार प्रयास करने पर आज बालक की घर वापसी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित